उत्तराखंड
राहुल गांधी पर कसता कानूनी शिकंजा! हल्द्वानी में SC-ST एक्ट के तहत एफआईआर की मांग
हल्द्वानी: रामलीला मैदान में कांग्रेस के हालिया कार्यक्रम के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ का मामला अब कानूनी रूप लेता नजर आ रहा है। इस विवाद को लेकर सियासत और गर्मा गई है, जिसकी गूंज अब पुलिस थाने तक पहुंच चुकी है।
मिली जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी पुलिस को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दो अलग-अलग तहरीर सौंपी गई हैं। यह तहरीर ‘श्रीराम सेना धर्मस्व सेवा न्यास’ की ओर से दी गई हैं, जिसके सदस्यों ने कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मंच का कथित तौर पर शुद्धिकरण किया था।
न्याय की गुहार और गंभीर धारा में मुकदमे की मांग
तहरीर देने वालों में श्रीराम सेना धर्मस्व सेवा न्यास के सदस्य विनोद आर्य और अमित कुमार शामिल हैं। पुलिस को सौंपी गई शिकायत में दोनों सदस्यों ने राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान और उसके बाद की परिस्थितियों से एक वर्ग विशेष और सामाजिक सद्भाव को ठेस पहुंची है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि सौंपी गई शिकायतों की वैधानिक पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के कार्यक्रम के बाद मंच के शुद्धिकरण को लेकर पहले से ही राजनीतिक बयानबाजी तेज थी। अब पुलिस में दर्ज हुई इस शिकायत के बाद यह मामला और अधिक तूल पकड़ता दिख रहा है।

